बहजोई संभल कल्कि महोत्सव में लोक नृत्य की प्रस्तुति देते कलाकार।
बहजोई(संभल)। बड़ा मैदान में संभल कल्कि महोत्सव विकासोत्सव में मंगलवार को बुंदेलखंडी लोक नृत्य की प्रस्तुति से कलाकारों ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया। कलाकारों की प्रस्तुति ऐसी रही, कि लोगों के मन को छू गई और कार्यक्रम के दौरान पंडाल तालियों से गूंज उठा। इससे पहले दोपहर में हुए कार्यक्रम के दौरान डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने कहा यह विजन डॉक्यूमेंट 2047 के लिए लोगों से भविष्य का भारत और संभल कैसा हो, इसके लिए लोगों से सुझाव मांगे।मंगलवार को महोत्सव में डीएम ने कहा कि यह विजन डॉक्यूमेंट 2047 बनाने का अभियान है। 2047 विजन डॉक्यूमेंट भविष्य में आने वाली नीतियों और योजनाओं का आधार है अर्थात आगे के 22 वर्ष आपकी दृष्टि में भारत कैसा हो, उत्तर प्रदेश कैसा हो और हमारा संभल कैसा हो, इसके लिए सुझाव शासन के द्वारा लिए जा रहे हैं। इसमें कुल तीन मिशन है और तीन थीम है और 12 क्षेत्र हैं। इसमें कृषि है, पशुपालन है, पर्यटन है और संरचना है। समाज कल्याण है, विकास है, शिक्षा है, स्वास्थ्य है, सुरक्षा है व आईटी है। यह सारे 12 विषय उसमें शामिल है। इन 12 में से किन्हीं तीन विषयों के ऊपर आप सुझाव दे सकते हैं और आपके मोबाइल में यदि दो सिम है तो सुझाव छह हो जाएंगे। डीएम ने कहा कि हमारी एक टीम है। वह आपके पास भी आ रही है क्यूआर कोड स्कैन करना है।
इस बीच समाजसेवी संस्थाओं से जुड़े लोगों को प्रशस्तिपत्र देकर सम्मानित किया गया। इससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि जिला पंचायत डॉ. अनामिका यादव समेत पालिकाध्यक्ष चंदौसी लता वार्ष्णेय, डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया, सीडीओ गोरखनाथ भट्ट, सीएमओ डॉ. तरुण पाठक ने मां सरस्वती की प्रतिमा के सामने दीप जलाकर की। पीडी ज्ञान सिंह, एएमए आशीष सिंह, डीएसटीओ रत्नेश कुमार व डीआईओ ब्रजेश कुमार आदि रहे।
बारिश के पानी से मैदान में आवाजाही हुई मुश्किल
बारिश के पानी से बड़ा मैदान में कल्कि महोत्सव के कार्यक्रम देखने आए लोगों को आवाजाही में मुश्किल हुई। यह बात दीगर है कि प्रशासन की ओर मैदान से पानी को निकलवाने के लिए पंपसेट लगाए गए। वहीं, पालिका व ग्राम पंचायतों के सफाईकर्मी भी मैदान में भरे पानी को निकालने की जुगत में लगे थे।