संभल।
एसडीओ तृतीय कृष्ण गोपाल के खिलाफ चल रहा संविदा कर्मियों का धरना प्रदर्शन शनिवार को स्थगित कर दिया गया। जिला कार्यकारिणी के सदस्यों ने बताया कि सात मार्च तक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद यदि कार्रवाई नहीं हुई तो फिर आठ मार्च से फिर से धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया जाएगा।संविदा कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष किरणपाल सिंह ने बताया कि एसडीओ तृतीय संविदा कर्मियों का शोषण कर रहे हैं। अलग-अलग तरीके से वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा है। न देने पर नौकरी से हटाने की धमकी दी जा रही है। इससे संविदा कर्मी परेशान हैं। इसी के चलते वे दो दिन से धरना-प्रदर्शन कर रहे थे। शनिवार को विद्युत विभाग के उच्च अधिकारियों ने वार्ता की और एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इसके बाद धरने को स्थगित कर दिया गया है। लेकिन यह भी तय हुआ है कि सात मार्च तक यदि कार्रवाई न हुई तो फिर आठ मार्च से अधीक्षण अभियंता के कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर कार्य बहिष्कार भी किया जाएगा। इस दौरान सत्य नारायण यादव, सचिन कुमार, रवि कुमार, कमल सैनी, अवनीश चौधरी, रियाजुल, मंगल सैनी, दिशांत गुप्ता आदि मौजूद रहे।