संभल। शहर के प्राचीन तीर्थ और कूप को संवारने का काम इसी महीने शुरू होगा। शासन से बजट के लिए पालिका द्वारा मांग की गई है। पालिका ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी का कहना है कि बजट के लिए पत्राचार किया गया है। अगले सप्ताह तक बजट मिलने की उम्मीद है। इसके बाद तीर्थ, कूप और कुएं संवारने का कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
ईओ ने बताया कि 12 तीर्थ, 14 कूप का जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाना है। इसके अलावा शहर के जो भी प्राचीन कुएं हैं उनको भी संवारेंगे। कुछ कुएं संवार भी दिए गए हैं। वंदन योजना और दीनदयाल योजना के तहत कार्य कराए गए हैं।
शहर में प्राचीन देवतीर्थ व कूपाें का समृद्ध इतिहास है। धार्मिक व ऐतिहासिक नगरी के रूप में पहचान बनी है। प्राचीन देवतीर्थ और कूप पालिका द्वारा चिह्नित कर लिए गए हैं। इसके लिए दिसंबर 2024 को अभियान चलाया गया था। उसके बाद से ही तीर्थ और कूप के साथ कुएं संवारने का कार्य चल रहा हे। दरअसल संभल नगर और इसके आसपास 68 तीर्थ और 19 कूप हैं जो प्राचीन हैं।ईओ का कहना है कि सभी को संवारने के लिए काम किया जाना है। इसी कार्ययोजना तैयार हो चुकी है।
00000000000
अमृत सरोवर बनाया जाएगा भदेसराय तीर्थ
हौज भदेसराय तीर्थ को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जाना है। इस पर पालिका द्वारा दो करोड़ रुपये से खर्च किए जाने हैं। इसके लिए बजट का इंतजार किया जा रहा है। शहर का जो गंदा पानी इस तीर्थ में जा रहा था उसको पालिका द्वारा बंद करा दिया गया है। अब संवारने के लिए प्रस्ताव तैयार हुआ है। इसके अलावा हिंदूपुरा खेड़ा तालाब को अमृत सरोवर के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस पर भी पालिका द्वारा 1.40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
000000000
स्कंद पुराण में है संभल का जिक्र
स्कंद पुराण में उल्लेख है कि कलियुग में भगवान कल्कि संभल में अवतरित होंगे। इसी मान्यता को जोड़कर संभल को देखा जाता है। वंशगोपाल तीर्थ में भगवान श्रीकृष्ण एक रात ठहरे थे और कदंब के वृक्ष के नीचे विश्राम किया था। 24 कोसीय परिक्रमा वंश गोपाल तीर्थ से शुरू होती है। संभल महात्म्य में सभी तीर्थों और कूपों की एक-दूसरे से दिशा और दूरी का उल्लेख मिलता है। शहर के मोहल्ला कोटपूर्वी स्थित प्राचीन कल्कि विष्णु मंदिर सदियों पुराना है।
00000000
एएसआई इन कूप और तीर्थों का कर चुकी है सर्वे
-चतुर्मुख ब्रह्म कूप स्थित पानी की टंकी के पास, आलम सराय, संभल।
-अमृत कूप स्थित कूप मंदिर, दुर्गा कालोनी, संभल।
-अशोक कूप स्थित मोहल्ला हल्लू सराय, संभल।
-सप्तसागर कूप स्थित सर्थलेश्वर मंदिर, सरथल चौकी के पास, मोहल्ला कोट पूर्वी, संभल।
-बलि कूप स्थित पुरानी तहसील के पास, कूचे वाली गली, संभल।
-धर्म कूप स्थित हयातनगर, संभल।
-ऋषिकेश कूप स्थित शिव मंदिर, मोहल्ला कोट पूर्वी, संभल।
-पराशर कूप स्थित कल्कि मंदिर के पास, मोहल्ला कोट पूर्वी, संभल।
-अकर्ममोचन कूप स्थित कोतवाली के सामने, मोहल्ला ठेर संभल।
-धरणि वाराह कूप स्थित जामा मस्जिद चौकी के नीचे, मोहल्ला कोट गर्वी, संभल।
-भद्रका आश्रम तीर्थ, होज भदेसरा, संभल।
-स्वर्गदीप तीर्थ/सती मठ, स्थित गांव जलालपुर मोहम्मदाबाद, संभल।
-चक्रपाणि तीर्थ, गांव जलालपुर मोहम्मदाबाद, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित एक रात वाली मस्जिद के पास, मोहल्ला कोट गर्वी, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित जामा मस्जिद परिसर, मोहल्ला कोट गर्वी, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित बाल विद्या मंदिर के सामने, मोहल्ला चमन सराय, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित न्यारियों वाली मस्जिद, मोहल्ला खग्गू सराय, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित गद्दियों वाला मोहल्ला, कोट पूर्वी, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित सेठों वाली गली, मोहल्ला कोट पूर्वी, संभल।
-प्राचीन कूप स्थित एजेंटी चौराहे के पास, मोहल्ला डूंगर सराय, संभल।
-प्राचीन मंदिर व कूप स्थित मोहल्ला खग्गू सराय, संभल।
-प्राचीन तीर्थ/श्मशान/मंदिर, आर्य कोल्ड स्टोर के पास, अजीजपुर असदपुर, संभल
000000000000
तीर्थ और कूप संवारने के लिए इसी महीने में काम शुरू होने की उम्मीद है। हिंदूपुरा खेड़ा अमृत सरोवर पर काम शुरू हो गया है। 1.40 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। हौजभदेसराय तीर्थ को भी अमृत सरोवर के रूप में काम होना है।
-डॉ. मणिभूषण तिवारी, ईओ, पालिका संभल