संभल में आदमपुर मार्ग पर स्थित ओवरहेड टैंक। संवाद
संभल। सात ओवरहेड टैंकों की पुताई के लिए पालिका गंभीर नहीं दिख रही है। टैंकों पर पुताई का माहौल नजर नहीं आ रहा है। ओवरहेड टैंकों की हालत खस्ता हो रही है। हालांकि पालिका के जिम्मेदार का कहना है कि पुताई का टेंडर प्रक्रिया में है।
चार लाख से अधिक की आबादी वाले शहर में सात ओवरहेड टैंक हैं। यह ओवरहेड टैंक नगर पालिका परिसर, वार्ड-7 मोहल्ला डेरा सराय, वार्ड-21 आदमपुर रोड पर मोहल्ला बदायूं दरवाजा, वार्ड-27 मोहल्ला दीपा सराय, वार्ड-5 सरायतरीन, वार्ड-1 मोहल्ला शाहजीपुरा, वार्ड-21 मोहल्ला कोट गर्वी में हैं। वैसे ओवरहेड टैंकों की पुताई साल में एक बार हो जानी चाहिए लेकिन ऐसा माहौल नजर नहीं आ रहा है।
मोहल्ला कोट गर्वी में स्थित ओवरहेड टैंक के पिलर में दरारें पड़ रही हैं। इतना ही नहीं, पाइप से पानी आ रहा है। ओवरहेड टैंक के जीने पर काई भी जम रही है। इसकी पुताई काफी समय से नहीं हो सकी है।
वहीं, आदमपुर मार्ग पर बने ओवरहेड टैंक पर सिर्फ पुट्टी दिख रही है और काई भी जमी है। नगर पालिका प्रांगण के ओवरहेड टैंक पर जगह-जगह से पुताई छूट चुकी है और काई जमी है। साफ है कि ओवरहेड टैंकों की लंबे समय से पुताई नहीं कराई गई।