संभल। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला घटलेश्वर गेट में रविवार की रात दो बदमाशों ने तमंचे के बल दंपती को बंधक बनाकर लूटपाट की। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस मौका मुआयना कर वापस चली गई। घटना की तहरीर कोतवाली में दी गई है।
मोहल्ला घटलेश्वर निवासी राजवाला पत्नी प्रेम ने बताया कि वह रविवार की रात घर में सोई थी। तभी रात तीन बजे घर में दो बदमाश घुस आए। आहट होने पर महिला और उसके पति की आंख खुल गई। दोनों बदमाशों ने दंपती के ऊपर तमंचे तान दिए और महिला को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने आराम से पूरा घर खंगाला और घर से दो सोने की अंगूठी, एक सोने का टीका, एक सोने का हाथ फूल, चांदी की तीन जोड़ी पाजेब तथा 20 हजार रुपये नकद लूट कर ले गए। बदमाशों के जाने के बाद प्रेम ने शोर मचाया तो मोहल्ले में जाग हो गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ितों से जानकारी कर वापस चली गई। महिला ने मोहल्ले के ही दो लोगों पर लूट करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि मोहल्ला घटलेश्वर गेट की तहरीर मिल गई है। मामला पुराने विवाद का लग रहा है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।