चंदौसी। नगर पालिका में ज्ञापन लेकर पहुंचे सभासदों से ईओ नहीं मिले। बुलाने पर भी ईओ नहीं आए। इसके बाद नाराज सभासद कार्यालय में ज्ञापन दिए बिना ही वापस लौट गए। सभासदों का आरोप है कि ईओ ने उन्हें मिलने के लिए समय दिया था। लेकिन वह नहीं आए और न ही उनका कोई प्रतिनिधि ज्ञापन लेने के लिए पहुंचा।
मंगलवार को पालिका के सभासद मोहल्ला बड़ा महादेव स्थित सभासद तरुण नीरज के आवास पर एकत्र हुए। वहां से सभासद लगभग एक बजे जलनिगम की समस्याओं को लेकर नगर पालिका कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंचे। कार्यालय में ईओ नहीं मिले। सभासदों ने ज्ञापन देने के लिए ईओ को फोन किया। ईओ बाहर होने की बात कहते हुए फोन रख दिया। सभासदों ने करीब एक घंटा इंतजार किया। इस दौरान न तो ईओ पहुंचे और न ही कोई उनका प्रतिनिधि आया।
ईओ के न मिलने पर नाराज सभासद लौट गए। सभासदों का आरोप है कि सोमवार को ईओ से बात हुई थी और एक बजे मिलने का समय दिया था। पर ईओ नहीं आए। सभासदों में रोष है। सभासदों ने बताया कि जल निगम द्वारा डाली गई पाइप लाइन जगह-जगह लीकेज हो रही है। लीकेज ठीक करने को तोड़ी गई सड़कों की मरमम्त नहीं कराई गई। इस मामले को लेकर ज्ञापन देना था। उनका कहना है कि जब चुने हुए प्रतिनिधियों को अधिशासी अधिकारी से मिलने के लिए समय नहीं मिल रहा है तो आम जनता का क्या हाल होगा। इस मौके पर सभासद शिव कुमार, सुलेखा, सहबाज खां, सचिन रस्तोगी, अमन कोरी, निशान्त शर्मा, नवकान्त, ममता प्रजापति, लोकेश मौर्य आदि मौजूद रहे।