चंदौसी। घर से काम पर गए बिजली मिस्त्री को दोपहर बाद कुछ लोगों ने गंभीर हालत में भर्ती कराया गया। मुरादाबाद ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। मृतका की पत्नी रेखा ने अज्ञात लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है।
चंदौसी कोतवाली के गांव अकबरपुर चितौरी निवासी राजे (30) बिजली मिस्त्री था। आसपास व शहर के लोग उसे बुलाकर काम पर ले जाते थे। बृहस्पतिवार की सुबह भी उसके पास फोन आया। करीब दस बजे वह काम पर चला गया। दोपहर बाद करीब तीन बजे आजाद रोड स्थिति निजी अस्पताल में चार पांच लोगों ने उसे भर्ती कराया। राजे के सिर में व अन्य जगह चोट लगी थी। चिकित्सक ने हालत गंभीर बताते हुए भर्ती करने से मना कर दिया और हायर सेंटर ले जाने की सलाह दी। इस दौरान राजे के साथ आए लोग अस्पताल से गायब हो गए।
किसी व्यक्ति का फोन राजे की पत्नी रेखा के पास आया। बताया कि राजे अस्पताल में भर्ती है। परिजन एकत्र होकर अस्पताल पहुंचे। वहां से गंभीर हालत में मुरादाबाद ले गए। मुरादाबाद पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया परिजन शव को वापस चंदौसी ले आए और पुलिस को सूचना दी। मृतक राजे की पत्नी रेखा ने सुबह काम पर बुलाने वाले लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। मृतक के एक बेटा व एक बेटी है।