बहजोई (संभल)। कलक्ट्रेट सभागार में डीएम मनीष बंसल ने जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। जिसमें बिजली कटौती व खराब ट्रांसफॉर्मरों का मुद्दा छाया रहा।
शुक्रवार की शाम हुई बैठक में संभल से सपा विधायक इकबाल महमूद ने बिजली कटौती व खराब विद्युत ट्रांसफॉर्मरों आदि का मुद्दा उठाया। वहीं स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारियों के चयन व अवैध अस्पतालों व नगर में ओवरहेड टैंक में दूषित पानी तथा खुले नाले की समस्या भी रखी। विधान परिषद सदस्य के प्रतिनिधि सुधीर मल्होत्रा ने वाटर हार्वेस्टिंग, वैकल्पिक ऊर्जा व सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने व लोगों को जागरूक करने पर बातचीत की। उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर भी जानकारी हासिल की। पालिकाध्यक्ष बबराला हर्षवर्धन ने विद्युत पोल, बिल, जर्जर तार, लो वोल्टेज की समस्या पर रोशनी डाली। साथ ही मुरादाबाद-आगरा हाईवे स्थित बबराला चौक पर स्पीड ब्रेकर बनवाने का मुददा उठाया। गुन्नौर विधायक रामखिलाड़ी यादव ने विद्युत कटौती समेत दूसरे बिंदुओं पर बातचीत की। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. अनामिका यादव ने रिवैंप योजना के तहत गांव रीठ में हुई प्रगति की जानकारी तलब की।
संभल सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने खराब ट्रांसफार्मर बदलने, डायल 1912 तथा गांव राया बुजुर्ग गांव में ट्रांसफार्मर व विद्युत कटौती की समस्या पर जोर दिया। साथ ही रात के समय विद्युत निगम के अधिकारियों की सक्रियता बने रहने व समस्या का समाधान कराने को कहा गया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग में चिकित्सकों की कमी पर भी बातचीत की गई। सांसद ने रिवैंप योजना के तहत निगरानी कमेटी के गठन की बात कही।
बैठक में पवांसा ब्लॉक प्रमुख के प्रतिनिधि हृदेश यादव ने बिजली घर की समस्या तथा थाना कैला देवी के गांव चकरपुर में लगने वाले जाम की समस्या उठाई। इसके अलावा दोनों गांव में बाईपास बनाने की बात रखी गई। बैठक में डीएम ने सभी जन प्रतिनिधियों की समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से समय रहते समाधान कराने को कहा। बैठक में राज्यमंत्री गुलाब देवी, पालिकाध्यक्ष राजेश शंकर राजू तथा अधिकारियों में एसपी कुलदीप सिंह गुनावत, प्रभारी सीडीओ ज्ञान सिंह, एडीएम प्रदीप वर्मा, सीएमओ डॉ. तरन्नुम रजा, एसडीएम व डिप्टी कलक्टर रहे।