बहजोई(संभल)। विद्युत उपखंड बहजोई में जिले की सबसे अधिक छह लाख रुपये बिजली बिल की बकाया वसूली हुई। बिजली बिल राहत योजना में निगम की ओर से उपभोक्ताओं को छूट का लाभ देकर विद्युत बकाया बिल की वसूली की जा रही है।
एसडीओ विद्युत बहजोई, अखिलेश कुमार ने बताया कि शनिवार को निगम की बेवसाइट सही चलने पर बहजोई उपखंड में करीब दो सौ उपभोक्ताओं से छह लाख रुपये की बकाया वसूली की गई। उन्होंने बताया कि बहजोई उपखंड में की गई यह वसूली जिले की एक दिन की सबसे अधिक वसूली है।
एसडीओ ने बताया कि बिजली बिल राहत योजना के तहत पंजीकरण शुल्क व विद्युत बकाया बिल के रूप में बहजोई उपखंड के बहजोई उपकेंद्र से जुड़े 120 उपभोक्ताओं से 3.40 लाख रुपये, पुरा उपकेंद्र के 55 उपभोक्ताओं से 1.50 लाख तथा बिसारू उपकेंद्र के 25 उपभोक्ताओं से 1.10 लाख रुपये की वसूली की गई है।
बेवसाइट धीमी चलने से बीते दो दिन वसूली रही थी प्रभावित
एसडीओ ने बताया कि बीते दो दिनों में बृहस्पतिवार व शुक्रवार को निगम की बेवसाइट धीमी रही थी। इसके चलते उन दिनों विद्युत बिल की बकाया वसूली प्रभावित रही थी।