सरायतरीन (संभल)। क्षेत्र के गांव धुरैटा में शनिवार को बारिश की वजह से जलभराव हो गया। जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। गांव में बरात आई तो दुल्हन के घर तक पहुंचना मुश्किल हो गया। मजबूरन दूल्हे को बाइक पर बैठाकर दुल्हन के घर तक ले जाना पड़ा। दुश्वारी का आलम यह रहा कि मेहमान नवाजी को छोड़िए रस्म अदायगी करने के लिए भी दिक्कत हुई।
शनिवार को गांव धुरैटा निवासी रामवीर सैनी की बेटी कविता की बरात कैला देवी थाना क्षेत्र के गांव चाचूनागल से आई थी। सत्यवीर सैनी सज धजकर दूल्हा बनकर पहुंचा था, लेकिन जलभराव देखकर घराती और बराती हैरान रह गए। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत डीएम से की। इस पर बीडीओ पहुंचे लेकिन बिना किसी प्रयास के ही मौके से लौट आए। बाद में बमुश्किल कविता के फेरे हुए और विवाह संपन्न हुआ। जलस्तर कम होने के बाद दुल्हन को कार से विदा किया गया। दूसरी ओर, गांव पवांसा में स्थित डाकखाना मोहल्ले की भी यही हालत है। करीब 40 परिवार बारिश के पानी से जूझ रहे हैं। प्रेमलता राघव ने मामले की शिकायत डीएम से की तो बीडीओ पहुंचे। जेसीबी से बंद पड़े नल को खुलवाया गया। बीडीओ रिजवान हुसैन ने बताया कि पंचायत सचिव को समस्या के समाधान के लिए निर्देश दिए गए हैं। खुद भी निरीक्षण किया है।