बहजोई(संभल)। ऑल यूपी चैलेंज कप क्रिकेट टूर्नामेंट में बुलंदशहर की टीम ने मुरादाबाद को नौ रन से हराकर फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं, अपनी टीम के लिए बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले बुलंदशहर के खिलाड़ी अनुभव को प्लेयर ऑफ द मैच के खिताब से नवाजा गया। खिताब पर कब्जे के लिए अलीगढ़ व बुलंदशहर की टीम के बीच फाइनल मुकाबला होगा।
बड़ा मैदान पर आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को दूसरा सेमीफाइनल खेला गया। बुलंदशहर की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। वहीं, बुलंदशहर की टीम ने बेहतरीन बल्लेबाजी कर निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 143 रन का लक्ष्य खड़ा किया।
जवाब में खेलने उतरी मुरादाबाद की टीम 19.4 ओवर में मात्र 134 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस प्रकार बुलंदशहर की टीम ने मुरादाबाद को नौ रन से हराकर टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं, अपनी टीम के लिए 27 रन बनाकर मुरादाबाद के तीन विकेट झटकने वाले बुलंदशहर के खिलाड़ी अनुभव को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
अंपायर राजू गिरि व सचिन रहे। कमेंटरी सुशील कुमार शर्मा छोटू ने व स्कोरिंग मोहित गौड़ ने की। आयोजक नवदीप बंटी ने बताया कि क्रिकेट टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन के चलते अलीगढ़ व बुलंदशहर की टीम फाइनल में पहुंच गई हैं।