संभल। निजी स्कूलों की मनमानी पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन तैयारी कर रहा है। 34 स्कूलों में किए गए निरीक्षण के दौरान कई गड़बड़ी पकड़ी गई हैं। निरीक्षण करने वाली टीमें अपनी अपनी रिपोर्ट तैयार कर रही हैं। इन रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। एनसीईआरटी किताबों की जगह निजी प्रकाशकों की किताबें पढ़ाई जाती मिली थीं। इसके अलावा फीस वसूली को लेकर भी छानबीन शुरू हो गई है। तीन वर्ष के दौरान जो फीस वसूली की गई है। उसका सीए से ऑडिट कराया जाना है। इसमें फीस वसूली में की गईं गड़बड़ी पकड़ में आने का अंदेशा है।
16 अप्रैल को जिलेभर के निजी स्कूलों में निरीक्षण किए गए थे। यह निरीक्षण डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया के आदेश पर किए गए थे। इसके लिए 34 टीमें निरीक्षण के लिए अलग-अलग पहुंची थीं। इन टीमों को कई गड़बड़ी मिली थीं। डीआईओएस श्यामा कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट तैयार की जा रही है। वह रिपोर्ट डीएम को दी जाएगी। जो भी कमियां पकड़ में आएंगी उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। बताया कि सभी विद्यालय कार्रवाई की जद में आएंगे। हालांकि इस पर निर्णय जिला शुल्क नियामक समिति द्वारा लिया जाना है। संवाद