संभल। चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण के लिए अतिक्रमण हटाने का काम अंतिम चरण में पहुंच चुका है। सातवें दिन भी लोग स्वयं मजदूरों की मदद से अतिक्रमण की जद में आए दुकान मकानों के हिस्सों को तोड़ते नजर आए। लगभग दो दिन के अंदर अतिक्रमण पूरी तरह हट जाएगा। इसके बाद बिजली विभाग लाइन शिफ्ट करने का काम शुरू करेगा। वहीं जिन दुकान मकान का चिह्नित अतिक्रमण हट गया है। वह अब बचे हिस्से की मरम्मत में जुट गए हैं।
संभल के चंदौसी चौराहे के चौड़ीकरण के लिए 50 से अधिक दुकान मकान अतिक्रमण की जद में आए हैं। बीते कई से अतिक्रमण को हटाने का काम चल रहा है। इनमें कई दुकानें ऐसी थी, जोकि अतिक्रमण की जद में होने से पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं। जबकि कुछ मकान दुकानों के अगले हिस्से तीन से चार फीट तक अतिक्रमण में चिह्नित किए गए थे। ऐसे में लोगों ने नुकसान से बचने के लिए मजदूर लगाकर चिह्नित हिस्से को स्वयं से ध्वस्त कराना शुरू कर दिया। शुरुआत में पालिका ने जेसीबी से चौराहे के अतिक्रमण को हटाया था। जिसमें पुलिस बूथ, सेल्फी प्वाइंट, सार्वजनिक शौचालय आदि शामिल थे।
ईओ का कहना है कि अब अतिक्रमण हटाने का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। दो दिन के अंदर चिन्हित अतिक्रमण हट जाएगा। इसके बाद चौड़ीकरण का कार्य शुरू होगा। लेकिन इससे पहले बिजली के खंभे और लाइन को शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए विभाग की एनओसी का इंतजार है।