चंदौसी। नाला निर्माण अधर में अटकने से एक साल पहले डाली गई सीता सड़क की हॉट मिक्स सड़क जलभराव के कारण उखड़ गई है। जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं।
सड़क पर बिखरी बजरी वाहनों के पहियों से उड़ कर लोगों को लग जाती है, जिससे लोग चोटिल हो रहे हैं। खास तौर पर स्थानीय मकान स्वामियों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक साल पहले सीता सड़क पर श्मशान घाट तक नगर पालिका की ओर से हॉटमिक्स सड़क का निर्माण कराया गया था। लेकिन यहां नाला निर्माण न होने से जलनिकासी बाधित होने पर बारिश के दिनों में मूंछों वाले मंदिर से श्मशान घाट तक जलभराव होने लगा। जिससे सड़क उखड़ने लगी। इसी बीच पालिका ने श्मशान घाट से गणेश मंदिर तक नाला निर्माण शुरू करा दिया। नाला निर्माण नानक चंद आदर्श इंटर कॉलेज तक हो सका। किसी कारण वश नाला निर्माण का कार्य रुक गया। जिससे जलनिकासी की समस्या यथावत बनी हुई है।
आलम ये है कि मूंछों वाले मंदिर से श्मशान घाट तक सड़क पूरी तरह से उखड़ गई है। बजरी उखड़ कर सड़क पर बिखरी पड़ी है। गहरे गड्ढे हो गए हैं। यहां एक स्कूल और निजी हॉस्पिटल भी है। जिससे बच्चों और मरीजों को आने जाने में काफी परेशानी होती है।
आए दिन दो पहिया वाहन सवार लोग फिसल कर चोटिल हो जाते हैं। इतना ही नहीं तेज रफ्तार वाहनों के पहियों से बजरी उड़ कर राहगीरों और दुकानदारों को लग जाती है। जिससे वे चोटिल हो जाते हैं। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि नाला निर्माण होने के बाद ही समस्या का समाधान हो सकेगा लेकिन नाला निर्माण का कार्य पूरा नहीं हो सका है। इस संदर्भ में पालिका के अधिकारियों से कई बार शिकायत कर चुके हैं।