संभल। असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव में करीब नौ माह पहले युवती के प्रेम विवाह रचाने के बाद दोनों पक्षों में शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। शनिवार को ईद की नमाज अदा करके बीमार मां को देखने मुरादाबाद से लौटे युवक के साथ रास्ते में रोक मारपीट करने का आरोप है। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस को देखकर मारपीट के आरोपी फरार हो गए।
दरअसल, असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव में एक युवती ने अपने प्रेमी से 19 जून 2025 को प्रेम विवाह रचाया था। विवाह रचाने के बाद दोनों पक्षों में शुरू हुआ विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीमार मां को देखने शनिवार को मुरादाबाद से कार लेकर आए युवक को रास्ते में रोक कर युवती के मायके वालों ने मारपीट कर दी। युवक के बड़े भाई खुर्शीद ने कार में तोड़फोड़ करके उसमें रखे 50 हजार निकालने का आरोप लगाया है। विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंची तो मारपीट के आरोपी पुलिस को देखकर घर से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।