संभल। भारतीय किसान यूनियन (शंकर) के संगठन विस्तार अभियान व जनजागरण शृंखला के तहत मंगलवार को नंदपुर बीटा में चौधरी रमेश के यहां महापंचायत हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी दिवाकर सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में संगठन ही सबसे बड़ी शक्ति है। यदि किसान एवं आमजन संगठित रहेंगे तो कोई भी उनके अधिकारों का हनन नहीं कर सकेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय किसान यूनियन (शंकर) हमेशा किसानों, मजदूरों एवं आम नागरिकों के हक और सम्मान की लड़ाई लड़ती रही है और भविष्य में भी पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करती रहेगी।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष चौधरी धर्मवीर सिंह ने कहा कि संगठन को गांव-गांव तक मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक पदाधिकारी को प्रत्येक सप्ताह कम से कम 10 नए सदस्य संगठन से जोड़ने का लक्ष्य लेकर कार्य करना चाहिए, ताकि किसान हितों की लड़ाई और अधिक प्रभावी ढंग से लड़ी जा सके।
जिलाध्यक्ष नेमपाल सिंह, ने कहा कि तहसील, चकबंदी एवं अन्य प्रशासनिक विभागों में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। किसानों के अंश निर्धारण, चकबंदी संबंधी त्रुटियों एवं अन्य राजस्व विवादों का समाधान करने के बजाय उन्हें और अधिक उलझाया जा रहा है, जिससे किसान लगातार परेशान हो रहे हैं। संगठन विस्तार में अमित चौधरी को 6 माह के लिए जनपद संभल का जिला प्रभारी नियुक्त किया। साथ ही, 24 जुलाई को तहसील हसनपुर उप जिला अधिकारी कार्यालय पर बैठक करने का निर्णय लिया गया।
सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि बिजली व्यवस्था, बैंकिंग संबंधी समस्याएं, सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार, चकबंदी की अनियमितताएं तथा भूमि अधिग्रहण के मामलों में किसानों को बाजार मूल्य का चार गुना मुआवजा दिलाने, जंगली जानवरों तेंदुआ वह खूंखार कुत्ते बंदरों के आतंक से मुक्त करने सहित सभी जनहित के मुद्दों पर भारतीय किसान यूनियन (शंकर) पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेगी और आवश्यकता पड़ने पर आरपार की लड़ाई लड़ने से भी पीछे नहीं हटेगी। अध्यक्षता राधेश्याम शर्मा ने की। संचालन नवलवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर अनिल कुमार, सुरेंद्र सिंह, गुरबचन सिंह, ओमप्रकाश सिंह, चौधरी नेमपाल सिंह, चौधरी धर्मवीर सिंह, शेर सिंह राणा आदि रहे।