खेत पर इंजन की रखवाली को सो रहे किसान की हत्या कर शव पेड़ पर लटका दिया। किसान के पैर उसी की पाजामी से बांधे गए थे और गर्दन पर भी कपड़ा बंधा था। सिर और चेहरे पर चोट के कई निशान थे, जिनसे खून बह रहा था। किसान के चाचा ने हत्या के आरोप में छह लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम को भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्षेत्र के गांव सुनवर सराय निवासी रामनिवास उर्फ बडडे (45) पुत्र काशीराम शनिवार को सिंचाई करने के लिए इंजन लेकर खेत पर गया था। शाम तक सिंचाई पूरी न होने पर इंजन खेत पर छोड़ दिया था। शाम को खाना खाकर रामनिवास इंजन की रखवाली के लिए खेत पर ही सोने चला गया था।
रविवार सुबह करीब आठ बजे रामनिवास की चाय लेकर उसके चाचा रनवीर खेत पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि रामनिवास अपने खेत पर नहीं था। आसपास देखने पर पाया कि पड़ोसी रामेश्वर के खेत में यूकेलिप्टिस के पेड़ से उसका शव लटक रहा था। रामनिवास की गर्दन में लाल कपड़ा बंधा हुआ था और उसी की पाजामी से पैर बांधे गए थे।
उसने शरीर सिर व चेहरे पर कई घाव से जिनसे खून बह रहा था। शव देख कर रनवीर की चीख निकल गई और उन्होंने शोर मचा दिया। खेतों की ओर आए लोगों ने घटना की सूचना गांव में और पुलिस को दी। हत्या की जानकारी मिलते ही किसान के परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाया और पोस्टमार्टम को भेज दिया। मृतक के पास चार पुत्र व दो पुत्रियां है।