संभल। हयातनगर थाने से आगे अतिक्रमण की जद में आई दरगाह को शिफ्ट किए जाने का काम जारी है। दरगाह को सात फीट साइड में सरका लिया गया है। अब दरगाह को 15 फीट पीछे ले जाने का काम शुरू किया जाना है।
संभल-बहजोई मार्ग पर दरगाह को शिफ्ट किए जाने का काम रुड़की के ठेकेदार दिलशाद अंसारी की निगरानी में चल रहा है। हालांकि काम तेजी से शुरू हुआ था लेकिन रुक-रुक कर हो रही बारिश की वजह से बाधा उत्पन्न होती रही। इसके चलते दरगाह का शिफ्ट किए जाने के कार्य में देरी हो रही है। बुधवार को भी कई मजदूर जैक, बीयरिंग और लोहे के गार्डर के जरिये साइड में सरकाने के कार्य में जुटे रहे।
ठेकेदार दिलशाद अंसारी ने बताया कि दरगाह को साइड में सात फीट सरका लिया गया है। अब तक दरगाह 18 फीट पीछे हो चुकी है और इसे 15 फीट और पीछे ले जाकर फाउंडेशन पर शिफ्ट किया जाना है। ठेकेदार ने कहा कि अगर बारिश नहीं हुई तो काम पांच दिनों में कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बारिश के चलते ही दरगाह शिफ्टिंग कार्य में देरी हुई है।
बताते चलें कि प्रशासन ने इस दरगाह को अतिक्रमण के रूप में चिह्नित किया था। जिसके बाद मस्जिद कमेटी ने ही दरगाह को शिफ्ट किए जाने की बात कही थी। दरगाह शिफ्टिंग के कार्य में करीब 20 लाख रुपये का खर्च आ रहा है। इसके लिए मस्जिद कमेटी द्वारा चंदा करके धन जुटाया जा रहा है।