जुनावई(संभल)। शादी का झांसा देकर चार लाख रुपये की ठगी के आरोपी दंपती को पुलिस अभी तक नहीं पकड़ पाई है। हालांकि पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। गुन्नौर थाना क्षेत्र के मोलनपुर डांडा निवासी प्रताप सिंह की बेटी अन्नू की शादी बुलंदशहर के अनूपशहर निवासी सोनू की पत्नी श्रीवती ने तय कराई थी। शादी का पूरा खर्च लड़के पक्ष को करना था। शादी से पहले लड़की के पिता प्रताप सिंह ने लड़के पक्ष से बिचौलिया के माध्यम से तीन लाख नकद और 85 हजार की धनराशि ऑनलाइन ली थी। साथ ही चांदी के जेवरात, कपड़े समेत चार लाख रुपये का सामान दिया गया था। बरात एक अक्तूबर को दहगवां स्थित एक मैरिज हॉल में पहुंचनी थी, लेकिन 30 सितंबर की सुबह वधू पक्ष मकान में ताला डालकर चले गए। बिचौलिया श्रीवती अपने पति सोनू के साथ गांव चिरवारी पहुंची तो घर पर ताला लटका मिला। मामले में एसपी के आदेश पर लड़की के पिता प्रताप सिंह और मां अंजनी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मुकदमा दर्ज है। थाना प्रभारी मेघपाल सिंह ने बताया पुलिस लगातार प्रताप सिंह के ठिकानों पर दबिश दे रही है। जल्द ही आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।