संभल। राष्ट्रीय भ्रष्टाचार दमन परिषद ने संभल-गजरौला रेल लाइन विस्तार की मांग को लेकर ट्रेन रोकने का एलान किया। जिसे लेकर सिरसी रेलवे क्रॉसिंग पर पुलिस और पीएसी बल तैनात हो गया। अधिकारियों ने संगठन के पदाधिकारियों से बातचीत हुई। जिसके बाद नई तहसील कार्यालय पर रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन नायब तहसीलदार को सौंपकर रेल लाइन विस्तार सहित कई मांगें उठाई गईं।
राष्ट्रीय भ्रष्टाचार दमन परिषद के द्वारा सिरसी रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन रोकने का एलान किए जाने के कारण बुधवार को दिनभर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। पुलिस और पीएसी कर्मियों की रेलवे क्रॉसिंग पर मुस्तैदी कर दी गई। इस बीच परिषद के पदाधिकारियों से बातचीत हुई और नई तहसील कार्यालय पर ज्ञापन देने पर सहमति बनी। जिसके बाद पदाधिकारियों ने नायब तहसीलदार को रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
जिसमें कहा कि संभल-गजरौला रेल लाइन विस्तारीकरण की मांग 60 वर्षाें पुरानी है। संभल में हस्तशिल्प सहित शीरे का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापार होता है। मेंथा व्यवसाय की एशिया की सबसे बड़ी मंडी है। रेल लाइन विस्तार होने से बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
ज्ञापन में संभल से गजरौला रेल लाइन विस्तार, संभल हातिम सराय रेलवे स्टेशन पर रिजर्वेशन काउंटर खोलने, मुरादाबाद से संभल तक ट्रेन के पूर्व की भांति 6 चक्कर बहाल करने, मुरादाबाद से मुंबई के लिए सुपरफास्ट ट्रेन का सीधा संचालन चालू किए जाने की मांग उठाई। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष केके मिश्रा, शाहनवाज संभली, अमित गौतम, ब्रजेश यादव, मोहम्मद अली, शाहिद हुसैन, हाजी हाशिम अली, राकेश वार्ष्णेय आदि रहे।
0000000000
रेल लाइन को लेकर बजट से उम्मीदें
संभल। मानव विकास जनसेवा समिति के अध्यक्ष डॉ.नाजिम के नेतृत्व में बहजोई जाकर डीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें संभल से गजरौला तक रेल लाइन विस्तार की मांग उठाई। रेल लाइन के मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने ज्ञापन रेल मंत्री को भेजने की बात कही। डॉ. नाजिम ने कहा कि इस बजट में रेल लाइन की उम्मीदें हैं। रेल लाइन से संभल ही नहीं आसपास के नगरों, गांवों व अमरोहा क्षेत्र को भी लाभ मिलेगा। इस दौरान मोहसिन अल्वी, सफदर अल्वी, महावीर सिंह यादव, कैलाश सिंह आदि रहे। संवाद