संभल। भारतीय संविधान दिवस के अवसर पर बुधवार को जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए गए। जहां संविधान की शपथ दिलाई गई। कहा गया कि संविधान हमें सिर्फ अधिकार ही नहीं देता, बल्कि देश हित में जो हमारा दायित्व बनता है, उसकी भी शिक्षा प्रदान करता है। संविधान हमें अपने अधिकारों को बचाने और उनको पाने का एकमात्र हथियार है।
एमजीएम कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के द्वारा संविधान दिवस पर कार्यक्रम हुआ। इसमें प्रथम सत्र में पूर्व प्राचार्य डॉ.आबिद हुसैन हैदरी ने सभी को संविधान की शपथ दिलाते हुए बताया कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे लंबा लिखित संविधान है। इसमें कठोरता और लचीलेपन का मिश्रण है। डॉ. नेमपाल सिंह, डॉ.मोहम्मद इमरान खान, डॉ.रियाज अनवर, डाॅ. अमृतेश अवस्थी आदि ने विचार रखे। द्वितीय सत्र में यातायात और सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत विचार गोष्ठी हुई। इसमें मुख्य वक्ता यातायात पुलिस हेड कांस्टेबल सोनू कुमार ने विभिन्न मार्गों की पहचान, मील के पत्थर के रंग, मार्गों पर लगे संकेतकों, सड़क चिन्हों और वाहनों पर लगे लाल पीले व सफेद रंग के रिफ्लेक्टर, राह वीर के बारे में बताया। संचालन डॉ.फहीम अहमद ने किया।
00000
कांग्रेसियों ने मनाया संविधान दिवस
संभल। चौधरी सराय स्थित तरीन कैंपस पर जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी द्वारा संविधान दिवस मनाया गया। जिलाध्यक्ष आरिफ तुर्की ने कहा संविधान हमें अपने अधिकारों को बचाने और उनको पाने का एकमात्र हथियार है। इसके आधार पर बड़े से बड़े अन्याय से लड़ सकते हैं। शहर अध्यक्ष शिव किशोर गौतम, तौकीर अहमद, मुशीर खां तरीन, मुशीर खान तरीन, दाउद पाशा, इरफान खान, सोनू, वासुदेव, फुरकान कुरैशी आदि रहे।
सरायतरीन पक्का बाग स्थित कार्यालय पर समाजवादी पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य फिरोज खां के नेतृत्व में संविधान दिवस मनाया गया। फिरोज खां ने कहा अगर देश में भीमराव आंबेडकर का बनाया हुआ संविधान न होता न जाने देश का क्या हाल होता। कार्यकर्ताओं ने संकल्प लिया कि संविधान बचाने की लड़ाई लंबी लड़नी पड़ेगी। इस दौरान अकील खां, रामरईस यादव, हाजी यासीन, मोनिस, नादिर, जबर सिंह यादव, गुलाम मुस्तफा, गौरव यादव, सलीम, अजय कुमार आदि रहे।