बहजोई। ब्लॉक जुनावई में आशाओं को गलत भुगतान के मामले में कार्रवाई हुई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. तरुण कुमार पाठक ने ब्लॉक लेखा प्रबंधक कुलदीप कुमार को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्हें सात दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है, अन्यथा आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सीएमओ डॉ. तरुण कुमार पाठक के अनुसार, यदि तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो कुलदीप कुमार के खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस मामले में पहले गठित एक समिति की रिपोर्ट में कुलदीप कुमार को प्रथम दृष्टया दोषी पाया गया था। इसके बाद उन्हें स्वास्थ्य विभाग की डीपीएमयू से संबद्ध कर दिया गया था। आरोपी पर अनुशासनिक कार्रवाई के लिए लखनऊ स्थित एनएचएम मुख्यालय को भी पत्र भेजा जा चुका है। यह मामला ब्लॉक जुनावई की सीएचसी पर आशाओं को गलत भुगतान से जुड़ा है। शिकायत आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज की गई थी।
शिकायत मिलने के बाद सीएमओ ने मामले की जांच के लिए एक तीन सदस्यीय समिति बनाई थी। इस समिति में एसीएमओ डॉ. पंकज विश्नोई, डीसीपीएम अरबाव मेहंदी और जिला लेखा प्रबंधक शोभित चौहान शामिल थे। समिति को जल्द-से-जल्द अपनी रिपोर्ट सौंपने की जिम्मेदारी दी गई थी। समिति की आख्या के आधार पर ही कुलदीप कुमार को दोषी पाया गया।