संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के संभल-बहजोई मार्ग पर मंगलवार की दोपहर दो बजे के करीब तेज रफ्तार से जा रही कार का टायर अचानक फट गया। इस दौरान कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर खंदक में पलट गई। हादसे में कार में सवार चालक सहित आठ लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर सभी को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मंगलवार को मऊभूड़ गांव निवासी आदिल, समीर, आजम, रागिब, मोहम्मद फरीद, अशरफ, शरीफ व इकबाल दोपहर 2 बजे के करीब ईद पर मौज मस्ती करने के लिए कार में सवार होकर निकले। इस दौरान युवकों ने संभल के सरायतरीन स्थित स्विमिंग पूल में नहाने की योजना बनाई। जैसे ही कार बबैना गांव के करीब पहुंची, तभी कार का अगला टायर फट गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे मौजूद पेड़ से टकरा कर खंदक में पलट गई। हादसे में कार में सवार सभी आठ युवक गंभीर रूप से घायल हुए। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजवाई। हयातनगर थाने के इंस्पेक्टर राजेश कुमार सोलंकी ने बताया कि टायर फटने से यह दुर्घटना हुई है, घायलों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।