गुन्नौर(संभल)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाहर के पास खड़ी अर्टिगा कार में आग लग गई। जैसे ही कार से धुआं उठा तो आसपास मौजूद लोग दौड़ पड़े। देखा तो कार में चार साल की बच्ची बंद थी। सूचना पर आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस समय रहते कार का शीशा तोड़ कर बच्ची को सकुशल बाहर निकाल लिया। बच्ची के बाहर आते ही कार आग का गोला बन गई। दमकल ने आग पर काबू पाया। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
थाना रजपुरा क्षेत्र के गांव केवलपुर तिपेड़ा के रहने वाले सुनील बाबू निजी विद्यालय में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। सुनील बाबू ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर साढ़े तीन बजे करीब वह किसी कार्य से न्यायालय आए थे। चार साल की बेटी शोभिता भी साथ थी। सुनील कुमार ने कार सीएचसी के बाहर खड़ी कर दी और कार स्टार्ट कर एसी चला दिया। बेटी को कार में बंद कर पानी लेने चले गए।
कुछ देर बाद ही कार से धुआं निकलने के साथ चिंगारी निकलने लगीं। स्पार्किंग की आवाज से लोगों की नजर कार पर पड़ी तो लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे। कार में बच्ची बंद थी। इसी दौरान कार ने आग पकड़ ली। अफरातफरी का माहौल हो गया। वहीं किसी ने पुलिस को सूचना दे दी।
कस्बा चौकी इंचार्ज सुमित कुमार कांस्टेबल विशाल के साथ तत्काल मौके पर पहुंच गए। पुलिस कर्मियों ने तत्काल कार का शीशा तोड़ कर बच्ची को बदहवास हालत में सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बच्ची के बाहर निकालते ही कार आग का गोला बन गई। वहीं लोग पानी फेंक कर आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। दमकल भी पहुंच गई। दमकल ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पा लिया। पुलिस ने बच्ची को उसके पिता को सौंप दिया। पीड़ित शिक्षक ने बताया कि कार में 50 हजार रुपये अलग और पर्स में रखे आठ हजार रुपये भी जल गए।