चंदौसी। कचहरी के पास नौ अगस्त की सुबह किराना व्यापारी को गोली मारने के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार व्यापारी अक्षय ने खुद ही गोलीकांड की साजिश रची थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
बुधवार को खुलासा करते हुए सीओ विवेक जावला ने बताया कि मोहल्ला कायस्थान निवासी अक्षय कुमार गुप्ता (22) की मंडी समिति रेलवे फाटक के पास किराना की दुकान है। नौ जुलाई को कचहरी के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसकी स्कूटी रोक ली। एक युवक ने अक्षय पर फायर कर दिया।
गोली उसके दायें पैर में घुटने के नीचे लगी। मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी। अक्षय ने पुलिस को बहजोई निवासी भुवनेश पर पैसों के लेनदेन को लेकर गोली चलवाने का आरोप लगाया था। दरअसल भुवनेश और अक्षय के बीच डेढ़ लाख रुपये को लेकर विवाद था।
सीओ ने बताया कि घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य पहलुओं पर जांच शुरू की। जांच के दौरान सामने आया कि घटना से पहले अक्षय की जिला बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र निवासी रोहन गुप्ता और जतिन से मुलाकात हुई थी। अक्षय ने दोनों युवकों को भुवनेश को फंसाने के लिए खुद पर गोली चलाने के लिए 10 हजार रुपये दिए थे। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से करीब चार दिन पहले तीनों ने उस सड़क की रेकी की थी, जहां अक्षय पर गोली चलाने की योजना बनाई गई थी।