बबराला।
राजघाट गंगा में डूबे थाना बहजोई गांव अर्जुनपुर खुर्द निवासी छोटे (27) का शव तीसरे दिन बुलंदशहर जनपद के गंगा घाट नरौरा पुल के पास उतराता मिला। मौके पर पहुंची गुन्नौर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
गांव अर्जुनपुर खुर्द के रहने वाले छोटे पुत्र राजवीर बीते शुक्रवार को अपने तीन बच्चों का मुंडन संस्कार कराने ग्रामीणों के साथ राजघाट आए थे। वह दोपहर दो बजे के करीब नहाते समय छोटे गंगा में बह गए थे। गुन्नौर पुलिस सहित परिजनों ने गोताखोरों की मदद से दो दिन तक गंगा में काफी तलाश किया लेकिन उनका पता नहीं चला। तीसरे दिन रविवार शाम सात बजे करीब जनपद बुलंदशहर के नरौरा गंगा बैराज फाटक के पास छोटे का शव गंगा उतराता देखा गया तो पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस ने नरौरा बैराज पर लगे फाटक को खुलवाकर स्थानीय गोताखोरों व एनडीआरएफ की टीम की मदद से शव को बाहर निकाला। परिजन भी पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है। छोटे ने अपने पीछे पांच वर्षीय बेटा कृष्णा व तीन वर्षीय बेटी अंशिका, दो वर्षीय बेटी करिश्मा व पत्नी संतोष, मां सावित्री को रोता बिलखता छोड़ा है। परिजनों ने बताया कि छोटे को किसी ने गंगा में नहाते व डूबते हुए नहीं देखा था। इसलिए यह भी कयास लगाए जा रहे थे कि कहीं वह इधर-उधर नहीं चला गया हो।