संभल। असमोली थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवती का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला है। परिजन तो बीमारी से तंग होकर आत्महत्या करने की बात कह रहे हैं। जबकि गांव में तरह तरह की चर्चाएं चल रही हैं। परिजनों ने बिना किसी कार्रवाई के शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया है।
ग्रामीणों ने बताया कि सोमवार की सुबह युवती के घर से अचानक रोने पीटने की आवाज आनी शुरू हुई तो ग्रामीण पहुंच गए। युवती का शव घर के कमरे में फंदे से लटका हुआ था। किसी तरह शव को फंदे से नीचे उतारा और चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सक ने मृत होने की पुष्टि की।
ग्रामीणों का कहना है कि युवती ने आत्महत्या क्यों की है, इसकी जानकारी स्पष्ट नहीं है लेकिन परिजन लंबे समय से बीमार होने की बात कह रहे हैं। वहीं दूसरी ओर थाना प्रभारी का कहना है कि उन्हें इस घटना की जानकारी नहीं मिली है। यदि कोई जानकारी मिलती है तो जांच कराई जाएगी।