संभल। चंदौसी रोड स्थित कुरुक्षेत्र मैदान में पूरे उमंग और उल्लास के साथ बाबा खाटू श्याम का भव्य संकीर्तन और वार्षिकोत्सव अत्यंत धूमधाम से संपन्न हुआ। भक्ति, श्रद्धा और उत्साह से सराबोर इस आयोजन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। भक्ति, संगीत और श्रद्धा के इस अद्भुत संगम ने संभल में एक अविस्मरणीय छाप छोड़ी। जहां हर भक्त जय श्री श्याम के जयकारों के साथ भाव-विभोर नजर आया।
समिति के अध्यक्ष, अतिथियों के द्वारा दीप प्रज्वलित करके व बाबा की ज्योत जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। मंच पर भक्ति का प्रवाह प्रारंभ हुआ तो पूरा पंडाल श्याम नाम की गूंज से झूम उठा। सबसे पहले अग्रवाल बंधुओं (अतुल-शशांक) ने अपने मधुर और भावपूर्ण भजन- हारे का सहारा बाबा श्याम हमारा। खाटू वाला श्याम बड़ा दिलदार है। श्याम तेरी महिमा निराली है के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। इसके बाद कानपुर से आईं शर्मा सिस्टर्स ने अपने जोशीले और मनमोहक भजनों श्याम तेरी बंसी पुकारे आधी रात को।
मेरे श्याम आओ दरबार सजाया है। तेरे नाम की धुन में श्याम मैं खो गया। मेरे सिर पे रख दो हाथ, श्याम की प्रस्तुति देकर समां बांधा। अंतिम चरण में जयपुर से आए सुप्रसिद्ध भजन प्रवाहक आयुष सोमानी ने अपने नवीन और हृदयस्पर्शी भजनों मेरे श्याम तेरी कृपा से सब कुछ पाया है। दरबार तेरे आया हूं, खाली न लौटाना। श्याम नाम का अमृत बरसे। खाटू नगरी बुला ले रे, तेरे चरणों में बसा है मेरा संसार की प्रस्तुति देकर भक्ति का चरम अनुभव कराया। उनके भजनों ने वातावरण को भावविभोर कर दिया।
इस दौरान मुख्य रूप से समिति के अध्यक्ष अनुज गर्ग, उपाध्यक्ष विशेष गुप्ता, सचिव प्रशांत रुहेला, कोषाध्यक्ष विशाल रुहेला, विनीत रुहेला, निखिल गुप्ता, कमल गुप्ता, विजय चंद्रा, संजय चंद्रा, सागर, कुशल, प्रतीक, ललित, अभिनव माथुर, नवनीत कुलदीप गुप्ता, राजीव अग्रवाल आदि रहे। संचालन अंकित अष्ठाना ने किया।