संभल। मुसाफिर खाने की जांच कर चुकी एएसआई की टीम अब चौधरी सराय में स्थित बाबा बहाउद्दीन शाह मस्जिद और मजार की जांच भी करेगी। इसके लिए टीम संभल आएगी।
एसडीएम विकास चंद्र ने बताया कि बाबा बहाउद्दीन शाह मस्जिद और मजार को लेकर श्रीकल्कि सेना (निष्कलंक दल) के राष्ट्रीय संयोजक सुभाष चंद्र त्यागी ने डीएम से शिकायत की थी। पहले तो उन्होंने दावा किया था कि यह जामा मस्जिद की जमीन पर निर्माण है और बाद में नॉन जेएए भूमि पर निर्माण होने का हवाला दिया था। शिकायत के बाद हरकत में आए प्रशासन ने मस्जिद और मजार की जांच के लिए मेरठ स्थित एएसआई के अधिकारियों से वार्ता की।
इसी क्रम में बीते दिनों टीम आई थी लेकिन जामा मस्जिद की संपत्ति मुसाफिर खाना की जांच कर लौट गई। मुसाफिर खाना मनोकामना तीर्थ की जमीन पर निर्माण किए जाने का आरोप है। यह संपत्ति जामा मस्जिद की है और जामा मस्जिद की एएसआई संरक्षित है। इसलिए एएसआई के रिकॉर्ड के हवाले से इस जमीन को देखा जा रहा है। एसडीएम ने बताया कि एएसआई की टीम मस्जिद की जांच के लिए आएगी। फिलहाल मुसाफिर खाने की जांच हुई है। उसकी रिपोर्ट प्रशासन को एएसआई द्वारा दी जाएगी।