बहजोई। मानव तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के भागे हुए सदस्य कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव चंदनकटी निवासी काली उर्फ कालिया और राकेश पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ सके हैं। इस गिरोह के चार सदस्यों को बुधवार को बहजोई पुलिस द्वारा जेल भेजा गया था। भागे हुए आरोपियों की पुलिस तलाश करने का दावा कर रही है। वहीं किशोरी के परिजन भी बृहस्पतिवार को संभल नहीं पहुंचे। बाल संरक्षण समिति के संरक्षण में किशोरी है। परिजनों के आने के बाद उन्हें सुपुर्द किया जाएगा। बुधवार को किशोरी का सौदा करने जा रहे गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। किशोरी ने बताया था कि दिल्ली रेलवे स्टेशन से उसे बहला फुसलाकर आरोपी लाए हैं। यह गिरोह नाबालिग लड़कियों को बहला फुसलाकर लाता है और अधेड़ और बूढ़े लोगों को बेच देता है। जेल भेजे जा चुके गिरोह के सदस्यों में बदायूं जिले के थाना जरीफनगर अंतर्गत गांव बस्तोई निवासी कप्तान सिंह, उसकी पत्नी विनीता, जुनावई थाना क्षेत्र के गांव लतीफपुरधीर निवासी रामौतार उर्फ औतारी, कैलादेवी थाना क्षेत्र के गांव चंदनकटी निवासी श्रीपाल शामिल हैं। भागे हुए आरोपियों में श्रीपाल का बेटा काली उर्फ कालिया और एक अन्य व्यक्ति राकेश है। पुलिस इन भागे हुए आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं दूसरी ओर किशोरी के परिजन बृहस्पतिवार को संभल नहीं पहुंचे हैं। शुक्रवार को आने की बात कही है। वह किशोरी को साथ लेकर जाएंगे।