गांव में तनाव के चलते पसरा रहा सन्नाटा।
- फोटो : अमर उजाला
हयातनगर थाना क्षेत्र के रसूलपुर धतरा गांव में लेनदेन के विवाद में दो लोगों की हत्या के बाद से गांव में तनाव और टकराव का माहौल है। ऐसे में भारी पुलिस बल के साथ दंगा नियंत्रण वाहन तैनात किया गया है। वहीं इस मामले में गिरफ्तार पांच आरोपियों को पुलिस ने कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
पचास हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में रसूलपुर धतरा में शनिवार को सुबह खूनी संघर्ष हो गया था। संघर्ष में एक पक्ष से आकिल (40), दूसरे पक्ष से शमशुद्दीन (60) की जान चली गई। जबकि दोनों पक्षों से कुल पांच लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस हत्याकांड में एक पक्ष से सुलेमान, छिद्दा और दूसरे पक्ष से जरीफ, आरिफ और सुबहान को पुलिस शनिवार को ही गिरफ्तार कर चुकी है। इन लोगों का रविवार को चालान किया गया है।
हयातनगर के थाना प्रभारी बृजमोहन गिरी ने बताया कि पांचों आरोपियों को रविवार को अदालत में पेश किया गया है जहां से सभी को जेल भेजने के आदेश दिए गए हैं। इस बीच अपर पुलिस अधीक्षक पकंज कुमार पांडेय ने बताया कि गांव में सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस बल की तैनाती है। दंगा नियंत्रण वाहन भी तैनात किया गया है। लोगों से संयम बनाए रखने का आग्रह किया गया है।