संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के लाडम सराय के नजदीक संभल-बहजोई मार्ग पर बेकाबू डीसीएम ने बाइक सवार दसवीं के छात्र को टक्कर मार दी। इसमें छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पीड़ित परिजनों को सूचना दी। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। सरायतरीन के मोहल्ला गढ़ी निवासी दसवीं का छात्र राहुल (17) पुत्र जगदीश जेडीयू इंटर कॉलेज में पढ़ाई करता था। बुधवार की दोपहर एक बजे करीब गांव लखौरी जाने के लिए घर से निकला था। परिजनों का कहना है कि छात्र का बोर्ड परीक्षा का सेंटर गांव लखौरी के विद्यालय में बना है। वह सेंटर देखने जाने की बात कहकर बाइक से निकला था। लाडम सराय के नजदीक पहुंचा तो डीसीएम ने पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पीड़ित पिता ने बताया कि राहुल दो भाई और एक बहन में सबसे बड़ा था। मां प्रेमवती का रोरो कर बुरा हाल है। हयातनगर थाना प्रभारी कर्म सिंह पाल ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।