संभल। नगर पालिका द्वारा चंदौसी मार्ग पर स्ट्रीट फूड हब में 100 दुकानें बनाई जानी हैं। इस कार्य पर 1.46 करोड़ रुपये खर्च होंगे। शासन से डीपीआर को स्वीकृति मिल चुकी है और टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। जल्द ही काम शुरू होना है।
शहर के मुख्य मार्गों के किनारे ठेले लगाकर लोग खाद्य पदार्थ और अन्य सामान बेचते हैं। मुरादाबाद मार्ग, बहजोई मार्ग, रोडवेज बस अड्डे के आसपास सड़क किनारे, नखासा तिराहा, जिला अस्पताल मार्ग आदि स्थानों पर ठेले लगते हैं। इनकी वजह से जाम के हालात बनते हैं। इतना ही नहीं, अतिक्रमण को लेकर अकसर पुलिस प्रशासन भी कार्रवाई करता है। इस समस्या के समाधान के लिए नगर पालिका ने स्ट्रीट फूड हब बनाने की योजना तैयार की है। इसमें चंदौसी मार्ग पर 100 दुकानें बनाई जानी हैं।
इस मार्ग पर पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस के पास, कुरुक्षेत्र तीर्थ के पास और फाउंटेन पार्क के पास दुकानें बनाई जानी हैं। इस कार्य पर 1.46 करोड़ रुपये खर्च होने हैं। पूर्व में शासन ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। जिसके बाद डीपीआर तैयार कर भेजी गई तो उसे भी स्वीकृति मिल चुकी है। इसके बाद नगर पालिका ने टेंडर प्रक्रिया शुरू करा दी गई है।
ईओ डॉ. मणिभूषण तिवारी ने बताया कि स्ट्रीट फूड हब में दुकानें तैयार कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है। यह पूरी होने पर जल्द ही काम शुरू कराया जाएगा। बताते चलें कि स्ट्रीट फूड हब प्रोजेक्ट से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। लोगों को खाद्य पदार्थ बेचने के लिए निश्चित स्थान मिल जाएगा और अतिक्रमण को लेकर कार्रवाई भी नहीं होगी।