संभल। कांवड़ यात्रा के दौरान लगने वाले शिविरों में बिजली आपूर्ति के लिए ऊर्जा निगम से अस्थायी कनेक्शन लेना होगा। बिना कनेक्शन लिए बिजली जलाने पर कार्रवाई की जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान संभल क्षेत्र में बड़े स्तर पर शिविर लगाए जाते हैं। इन शिविरों में शिवभक्तों के रुकने, आराम करने के लिए कूलर, पंखा, लाइट आदि की व्यवस्था की जाती है। ऐसे में बिजली की डिमांड भी काफी बढ़ जाती है। बिजली निगम के अफसरों ने शिविर में बिजली का प्रयोग करने के लिए अस्थायी कनेक्शन लेने के निर्देश दिए हैं। बिना कनेक्शन लिए बिजली जलाने पर कार्रवाई की बात कही गई है। अधिशासी अभियंता नवीन गौतम का कहना है कि बिना अस्थाई कनेक्शन के शिविरों में लाइट नहीं लगाई जा सकेगी। संचालक जल्द आवेदन कर कनेक्शन लें। संवाद