बहजोई (संभल)। उधार के रुपये मांगने पर टेंपो चालक तय्युब पुत्र जाने आलम गांव अकबरपुर को गोली मार दी गई। घायल टेंपो चालक को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद टेंपो चालक को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना गांव रंपुरा व अकबरपुर के बीच हुई।
घायल तय्युब ने बताया कि शुक्रवार को शाम साढ़े छह बजे करीब वह साइकिल पर सवार होकर गांव रंपुरा से सब्जी लेने के बाद घर लौट रहा था। तभी गांव के निकट ही बाइक सवार तीन लोगों ने उसे रोक लिया। उसने तीनों लोगों से छूटकर भागने की कोशिश की, तो उनमें से एक ने उसके दाएं कूल्हे पर गोली मार दी। उसने बताया कि करीब डेढ़ माह पहले इनमें से एक व्यक्ति ने उससे पचास हजार रुपये उधार लिए थे। बीच-बीच में उसने जब रुपये की मांग की। वह आनाकानी करने लगा। बीते दिनों भी उसने रुपये की मांग की, तो आज उसने अपने साथियों की मदद से घटना को अंजाम दे दिया। सीएचसी प्रभारी डॉ. विरास ने बताया कि घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है। प्रभारी इंस्पेक्टर विद्युत गोयल ने बताया कि घटना को लेकर पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।