चंदौसी। परिवार को बिना बताए दोस्त के साथ गया किशोर रात में लौटते समय करंट की चपेट में आकर झुलस गया। परिजनों की डांट से बचने के लिए अपने अपहरण की झूठी कहानी रच डाली। परिवार वाले कोतवाली पहुंचे तो पुलिस ने पड़ताल की और सच सामने आ गया।
तहसील रोड स्थित एक कॉलोनी में रहने वाले एक किशोर ने चाय विक्रेता सहित दो युवकों पर अपहरण का आरोप लगाते हुए बताया कि उसे कमरे में बंद कर नशे का इंजेक्शन लगा दिया गया और करंट लगाया गया। पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि किशोर सोमवार की रात आठ बजे से घर से गायब हो गया था। मंगलवार की दोपहर दो बजे जले हुए कपड़ों और शरीर पर चोटों के निशान लिए घर पहुंचा।
कोतवाल संत कुमार ने बताया कि किशोर सोमवार की रात पॉलिटेक्निक के पास अपने पिता को बुलाने गया था। जहां रास्ते में उसने करंट का तार छू लिया, जिससे वह घायल हो गया था। आसपास की महिलाओं ने भी किशोर से जानकारी की थी, लेकिन वह बताने में असमर्थ था। कड़ाई से पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसने परिवार वालों की डांट से बचने के लिए अपहरण की झूठी कहानी बनाई थी। फिलहाल किशोर को नसीहत देकर छोड़ दिया गया है।