बनियाठेर। थाना क्षेत्र के जनेटा गांव के टंकी मोहल्ला निवासी मो. इमामी के 17 वर्षीय पुत्र हसनैन ने बृहस्पतिवार की रात छत में पड़ी कड़ी में गमछे से फंदा लगाकर जान दे दी। हसनैन चंदौसी के एक हेयर सैलून सेंटर पर बाल कटिंग का कार्य करता था। घटना के वक्त उसके परिजन परिवार के किसी व्यक्ति का इलाज कराने चंडीगढ़ गए हुए थे।
घर पर अकेले रह रहे किशोर को शुक्रवार की सुबह उसका चचेरा भाई तस्लीम उसे बार-बार फोन कर रहा था, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ तो उसने घर जाकर देखा। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद होने पर अनहोनी की आशंका में उसने पड़ोस की छत से उतर कर देखा तो हसनैन फंदे पर लटका हुआ था। इसकी सूचना तस्लीम ने थाना पुलिस को फोन कर दी।
सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष बनियाठेर सचिन कुमार व चौकी इंचार्ज चमन सिंह ने परिजनों से पूछताछ के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौके पर मिला युवक का मोबाइल व गमछा कब्जे में ले लिया। मृतक के परिवार में उसकी मां रेशमा, पिता इमामी, बड़ा भाई मोहम्मद हुसैन व उसकी पत्नी आदि साथ रहते हैं।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी। संवाद