चंदौसी (संभल)। थाना क्षेत्र के बाकरपुर बेहतरी गांव निवासी कुमकुम (17) की करंट से मौत हो गई। किशोरी अपने घर के कमरे में टीवी का प्लग लगा रही थी। उसी समय केबिल में कट होने पर करंट की चपेट में आ गई। किशोरी की मौत से परिवार मेें चीखपुकार मची है।
चंदौसी के बाकरपुर बेहतरी निवासी चंद्रपाल सिंह ने बताया कि उनके बेटे पप्पू की मौत हो चुकी है। बेटे का परिवार हिमांचल में रहकर मजदूरी करता है। उनकी देखभाल के लिए गांव में पोती कुमकुम साथ रहती है। बड़ी पोती रोशनी की शादी हो चुकी है। वह भी इन दिनों गांव में ही है। मंगलवार दोपहर कुमकुम कमरे में टीवी का तार लगा रही थी। बताते है कि तार में कट होने से वह करंट की चपेट में आ गई। बड़ी बहन रोशनी कुछ देर बाद छत से उतरकर वापस आई तो कुमकुम कमरे में अचेत पड़ी थी। आनन फानन में उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। यहां चिकित्सक ने उसे प्राथमिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। किशोरी की मौत से परिवार का माहौल गमगीन है। परिजनों ने बिना पुलिस कार्रवाई के किशोरी का अंतिम संस्कार कर दिया।