बहजोई (संभल)। नगर पालिका और प्रशासन की टीम ने सोमवार को नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। टीम ने हाईवे किनारे के मकान और दुकानों के सामने से अतिक्रमण हटवाया। इस दौरान पालिकाकर्मियों की लोगों से कहासुनी भी हुई। लेकिन कार्रवाई के डर से लोग शांत हो गए।
सोमवार की सुबह ईओ भूपराम वर्मा के नेतृत्व में पालिका व राजस्व विभाग की टीम पुलिस के साथ कलक्ट्रेट के निकट संभल बाईपास पर पहुंची और सड़क किनारे रखे खोखे हटवाए। इसके बाद टीम ने नाप जोख करने के बाद चंदौसी रोड पर हाईवे की एक लेन के किनारे स्थित भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खडगवंशी के विद्यालय के मुख्य द्वार की दीवार को अतिक्रमण की जद में पाया। जिसे ध्वस्त कराने के लिए लाल निशान लगाया। इसके अलावा कार्यालय समेत अन्य दुकानों के बाहर नाले पर हो रहे अतिक्रमण को हटवाया। इसके बाद मौके पर पहुंचे तहसीलदार धीरेंद्र सिंह की देख रेख में ईदगाह व पेट्रोल पंप के निकट तक अतिक्रमण हटवाया गया। वहीं तहसीलदार ने राजस्वकर्मियों को हाईवे की दूसरी लेन पर कलक्ट्रेट से लेकर पजाया तक अतिक्रमण की जद में आने वाले मकान व दुकानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए। वहीं डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया व एडीएम प्रदीप वर्मा ने भी अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। ईओ ने बताया कि नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान जारी रहेगा।