चंदौसी (संभल)। आफलाइन स्थानांतरण की मांग को लेकर माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गुलाब देवी के आवास के सामने अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों के प्रदेश व्यापी धरने के छठे दिन मंगलवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई पुलिस के साथ धरनास्थल पहुंचे और शिक्षकों से एक घंटे में हटने की चेतावनी दी। शिक्षकों की डीएम-एसपी से जमकर नोंकझोक हुई। करीब दो घंटे हंगामे के बाद शिक्षकों की पांच सदस्यीय टीम के साथ डीएम और एसपी ने वार्ता की तो धरना नगर पालिका के पार्क में शिफ्ट करने पर सहमति बनी। इसके बाद शिक्षकों ने नगर पालिका कार्यालय परिसर में धरना शुरू कर दिया।
प्रदेश भर के अशासकीय विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं ऑफलाइन स्थानांतरण न होने पर 25 सितंबर से माध्यमिक शिक्षा राज्यमंत्री गुलाब देवी के आवास के सामने उनके कार्यालय के हॉल में धरना दे रहे हैं। शिक्षक अविलंब ऑफलाइन स्थानांतरण की सूची जारी करने की मांग पर अड़े हुए हैं। मंगलवार को दोपहर करीब एक बजे डीएम-एसपी मौके पर पहुंचे। सीओ मनोज कुमार व कोतवाल मोहित चौधरी पुलिस के साथ मौके पर पहले से थे।
डीएम-एसपी ने धरने पर बैठे शिक्षकों को हिदायत देते हुए कहा कि किसी के आवास पर इस तरह बैठना सही नहीं है, वह यहां से हट जाएं। धरना समाप्त करें या फिर नगर पालिका कार्यालय कंपनी बाग में शिफ्ट हो जाएं। धरने को समर्थन देने के लिए आए मेरठ से आए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट) के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमेश त्यागी, प्रांतीय महामंत्री लालमणि द्विवेदी, प्रांतीय मंत्री अरुण पाल आत्रेय, मंडलीय मंत्री विजेंद्र ध्यानी समेत अन्य शिक्षकों से नोंकझोक भी हुई।
शिक्षकों का कहना था कि वह उन्हें जेल में डाल दें लेकिन वह मांग पूरी होने पर ही यहां से हटेंगे। जिस पर डीएम और एसपी ने एक घंटे का समय दिया। इस बीच दोनों अफसरों ने शिक्षक नेताओं की राज्यमंत्री से मोबाइल पर बात कराई। इसके बाद शिक्षकों की पांच सदस्यीय टीम की डीएम और एसपी से राज्यमंत्री के आवास पर वार्ता हुई। करीब 15 मिनट की वार्ता के बाद सहमति बनी कि शिक्षकों का धरना नगर पालिका कार्यालय परिसर में शिफ्ट किया जाएगा। इसके बाद शिक्षक पालिका कार्यालय परिसर में शिफ्ट हो गए।
निलंबन की सूचना पर एक शिक्षक की हालत बिगड़ी
धरने में शामिल अलीगढ़ के बाढ़ौन स्थित मोहिनी आदर्श इंटर कॉलेज के शिक्षक शुभेंदु शरण त्रिपाठी को मंगलवार को निरीक्षण के दौरान गैरहाजिर मिलने पर प्राधिकृत नियंत्रण ने निलंबित कर दिया गया था। जानकारी होने पर मंगलवार की सुबह 10 बजे करीब शिक्षक की हालत बिगड़ने लगी। शिक्षक का ब्लड प्रेशर लो हो गया था। साथी शिक्षकों ने शिक्षक का पास के निजी अस्पताल में उपचार कराया और हालत में सुधार होने पर धरना स्थल ले आए। शाम करीब तीन बजे डीएम और एसपी की उपस्थिति में धरना पालिका कार्यालय परिसर में शिफ्ट होने की सहमति के बाद भी बीमार शिक्षक धरने से नहीं उठे और अविलंब स्थानांतरण सूची जारी होने की मांग को लेकर अड़े रहे। काफी प्रयास के बाद साथी शिक्षकों ने शिक्षक को मनाया और एंबुलेंस से पालिका कार्यालय परिसर ले गए।
धरने को समर्थन देने पहुंचे शर्मा गुट के पदाधिकारी
मंगलवार को माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के जिला मंत्री अमरोहा बालकराम, प्रदेश कार्यकारणी सदस्य अतुल पंडित, प्रदेश मंत्री जीपी सिंह, मंडलीय अध्यक्ष रविंद्र कुमार शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अमरोहा केपी सिंह, प्रांतीय प्रतिनिधि वाहिद हुसैन, प्रधानाचार्य कीर्ति कुशवाह, ऊषा उपाध्याय, मुकेश शर्मा, अनवर परवेज धरना स्थल पर पहुंचे और समर्थन दिया।
-
ऑफलाइन स्थानांतरण की मांग को लेकर प्रदेश भर के अशासकीय माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक धरना दे रहे हैं। प्रशासन ने जनपद संभल में धारा 163 लागू होने की बात कहते हुए किसी के आवास पर धरना समाप्त करने व अन्य स्थान पर शिफ्ट करने की बात कही है। मंत्री जी ने चार बार शिक्षकों को आश्वासन दिया और फिर खुद ही मुकर गईं। संघर्ष समिति की राज्यमंत्री से वार्ता हुई है। एक-दो दिन में स्थानांतरण सूची जारी करने का आश्वासन दिया है। धरना पालिका कार्यालय परिसर कंपनी बाग में सिफ्ट किया गया है। -डॉ. उमेश त्यागी, प्रदेश अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ (ठकुराई गुट)
-
धरने पर बैठे शिक्षकों से अनुरोध किया गया कि धरना समाप्त किया जाए या फिर दूसरे स्थान पर कंपनी बाग में शिफ्ट किया जाए। किसी के आवास पर इस तरह से धरने पर बैठना उचित नहीं है। मंत्री जी ने भी शिक्षकों को आश्वासन दिया है। शिक्षकों ने धरना शिफ्ट कर लिया है। -राजेंद्र पैंसिया, डीएम, संभल