बहजोई। पुरानी पेंशन बहाली समेत अपनी 21 सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ की ओर प्रदेश भर में ट्वीटर पर हैश टैग अभियान चलाया गया। यह जानकारी देते हुए जिलाध्यक्ष अंजीव कुमार श्रोत्रिय ने बताया कि पुरानी पेंशन समेत प्रत्येक परिषदीय विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी व लिपिक की तैनाती, राज्य कर्मचारियों की तरह कैशलेस चिकित्सा सुविधा, सभी शिक्षकों को प्रोन्नत वेतनमान, उच्च प्राथमिक विद्यालय व प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक पद पर शिक्षकों की प्रोन्नति, सभी शिक्षामित्रों व अनुदेशकों को स्थायी शिक्षक बनाने व रसोइयों का मानदेय दस हजार रुपए प्रति माह किए जाने की मांग लगातार दुहराई जा रही है। इसी को लेकर प्रदेश भर में दस लाख से अधिक शिक्षकों की ओर से ट्वीट किए गए। इस बीच मुकेश गोयल, लायक सिंह यादव, देवेश प्रताप, पंकज शर्मा, अनिल शर्मा, रविंद्र अरोरा व पूनम भारती का सहयोग रहा।