बहजोई। बेसिक शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षामित्रों के बढ़े हुए मानदेय को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मंगलवार को नगर के एक रिसॉर्ट में हुए शिक्षामित्र सम्मान समारोह में सबसे पहले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण दिखाया गया। इसके बाद, मुख्य अतिथि राज्यमंत्री गुलाब देवी ने शिक्षामित्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार अधिकारियों व कर्मचारियों समेत आम लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रही है। सरकार की ओर से शिक्षामित्रों को बढ़ा हुआ मानदेय 18 हजार रुपये प्रतिमाह दिए जाने का निर्णय लिया गया है। इस बीच, राज्यमंत्री ने 16 शिक्षामित्रों को बढ़ी हुई मानदेय की धनराशि का प्रतीकात्मक चेक प्रदान किया। इस बीच, भाजपा जिलाध्यक्ष हरेंद्र सिंह रिंकू समेत पूर्व जिलाध्यक्ष ओमवीर सिंह खडगवंशी, नगर अध्यक्ष ललित मोहन शर्मा, शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अंजीव कुमार श्रोत्रिय समेत शिक्षामित्र संगठन के गिरीश यादव, श्रीराम सैनी, अशोक कुमार व रविंद्र खारी तथा अधिकारियों में सीडीओ गोरखनाथ भट्ट व बीएसए अलका शर्मा आदि रहे। संचालन डीसी शैलजा मिश्रा ने किया।