संभल। बहजोई-संभल मार्ग पर पवांसा के नजदीक शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे पुलिस अधीक्षक चक्रेश मिश्र के एस्कॉर्ट की गाड़ी कुत्ते को बचाने के प्रयास में पलट गई। इसमें पांच पुलिसकर्मी सवार थे। गनीमत रही इस हादसे में पुलिस कर्मी घायल नहीं हुए हैं। मामूली गुम चोट आई हैं। जो गाड़ी पलटी है, उसके साथ पुलिस अधीक्षक की गाड़ी भी चल रही थी। गनीमत रही इस हादसे की चपेट में पुलिस अधीक्षक की गाड़ी नहीं आई। पुलिस अधीक्षक संभल से अपने बहजोई कार्यालय जा रहे थे। एस्कॉर्ट की भी गाड़ी चल रही थी। पवांसा गांव से निकलकर अचानक एक कुत्ता एस्कॉर्ट की गाड़ी के सामने आ गया। चालक ने बचाने का प्रयास किया तो गाड़ी सड़क किनारे खंदक में जा पलटी।
पुलिस अधीक्षक के पीआरओ और गाड़ी के चालक ने आनन फानन पलटी गाड़ी में फंसे पुलिसकर्मियों को बाहर निकाला। इसके बाद बहजोई थाना पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गाड़ी को खंदक से बाहर निकलवा कर भेज दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हादसे में पुलिसकर्मी घायल नहीं हुए हैं। हादसा कुत्ते को बचाने के प्रयास में हुआ। गनीमत रही है कि इसमें पुलिसकर्मियों को चोट नहीं आई।