मढ़न। असमोली-लोधीपुर मार्ग पर गांव मढ़न और सीढल माफी के बीच बुधवार सुबह करीब सात बजे ओवरलोड गन्ने से लदे ट्रक के कारण हादसा हो गया। ट्रक से गन्ने गिरकर गांव मढ़न स्थित एमएफए एकेडमी जूनियर हाईस्कूल की बस पर जा गिरे। गन्ने गिरने से बस का अगला शीशा टूट गया।
गनीमत रही कि हादसे के समय बस में बच्चे नहीं थे। बस बच्चों को लेने के लिए जा रही थी। हादसे के बाद बस चालक अबूबकर ने ट्रक को मढ़न अड्डे पर रुकवा लिया और ट्रक चालक के सामने नाराजगी जताई। बस चालक ने नुकसान की भरपाई की मांग की।असमोली शुगर मिल प्रबंधन और प्रशासन से ओवरलोड गन्ने से लदे वाहनों पर अंकुश लगाने की मांग की, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। वहीं, गांव शफातनगर गांव के निवासी ट्रक चालक हामिद ने बताया कि वह मुरादाबाद के मालीपुर से ट्रक में गन्ने भरकर असमोली शुगर मिल जा रहा था। इसी दौरान यह घटना हुई। संवाद