चंदौसी। थाना बनियाठेर के एक गांव में एक युवक गले में फंदा डालकर झूल गया। मौत के पीछे गृहक्लेश बजाताई जा रही है। परिजनों ने आनन फानन में उसका अंतिम संस्कार कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव में रविवार की शाम 7 बजे एक 40 वर्षीय युवक ने घर के कुंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। युवक की मौत के पीछे पारिवारिक कलह बताई जा रही है। बताया जाता है कि युवक पिछले काफी समय से वह बीमार चल रहा था। रविवार की सुबह पति पत्नी में पारिवारिक कारणों को लेकर आपस में तकरार हो गई। जिसके बाद युवक अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़ कर दोपहर 1 बजे अपने घर पहुंचा।
ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर से ही वह लगातार शराब पी रहा था। रविवार की शाम 7 बजे युवक ने घर के कमरे में बंद होकर गले में फंदा लगाकर लटक गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
गांव के संभ्रांत लोगों ने परिजनों को समझाबुझाकर मृतक की पत्नी की गैर मौजूदगी में बिना पुलिस को सूचना दिए आनन-फानन में युवक का अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक पांच भाइयों में सबसे बड़ा था जिसके तीन बच्चे थे। वह अपने पीछे तीन बच्चों व पत्नी को रोता बिलखता छोड़ गया है। बताया जाता है कि कुछ समय पूर्व पुश्तैनी जमीन बेची गई थी। जिसके पैसे के बटबारे को लेकर विवाद चल रहा था। इस जानकारी पुलिस को भी दे दी गई थी।