चंदौसी (संभल)। नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान बुधवार को 13वें दिन भी जारी रहा। नगर पालिका की टीम ने मोहल्ला शक्तिनगर में अतिक्रमण हटवाकर जेसीबी से नाले की खोदाई कराई। हालांकि बुधवार को तोड़फोड़ नहीं की गई, लेकिन सख्ती को देखते हुए दिनभर लोग खुद ही अतिक्रमण की जद में आए मकान व दुकानों को तोड़ते रहे। वहीं दोपहर में डीएम राजेंद्र पैंसिया ने पहुंचकर अब तक हुई कार्रवाई का अवलोकन किया और चिह्नित अतिक्रमण को जल्द हटाने के निर्देश दिए।
शहर को जलभराव और जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पालिका का अतिक्रमण हटाने का सिलसिला जारी है। मुंसिफ रोड, सुभाष रोड, बदायूं चुंगी, फव्वारा चौक, मालगोदाम रोड, बहजोई रोड, स्टेशन समेत कई स्थानों से स्थाई और अस्थायी अतिक्रमण ध्वस्त कर दिया है। वहीं लगातार होती कार्रवाई के बाद लोगों ने चिह्नित अतिक्रमण स्वयं ही तोड़ना शुरू कर दिया है। नुकसान से बचने के लिए लोग खुद अतिक्रमण तोड़ते नजर आ रहे हैं। बुधवार को शक्तिनगर में अतिक्रमण हटवाने के बाद नाले की खोदाई शुरू कर दी गई। वहीं दोपहर में डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया ने अभी तक हुई कार्रवाई का अवलोकन किया। फव्वारा चौक पर तोड़ी गई दुकानें और नाले की स्थिति देखी। अभियान को लेकर डिप्टी कलक्टर विनय मिश्रा को आवश्यक निर्देश दिए। इसके अलावा चिन्हित अतिक्रमण को जल्द हटाने की बात कही। जिससे की आगे का कार्य शुरू किया जाएगा।
फव्वारा चौक का होगा सौंदर्यीकरण
शहर के बदायूं चुंगी, तहसील तिराहा, विश्वकर्मा और फव्वारा चौक जल्द ही बदले नजर आएंगे। फव्वारा चौक पार्क का सौंदर्यीकरण दोबारा से किया जाएगा। पार्क को छोटा कर इसे आकर्षक बनाया जाएगा। इसके अलावा बदायूं चुंगी वाले पार्क को दोबारा से बनाया जाएगा। यहां लगी महाराणा प्रताप की प्रतिमा को भी पार्क में स्थापित किया जाएगा। तहसील और विश्वकर्मा तिराहे पर भी पार्क बनाया जाएगा। आने वाले समय में चारों स्थान शहर की विशेष पहचान बनेंगे। इसके नक्शे तैयार कर लिए गए हैं। जल्द ही इन पर काम शुरू किया जाएगा।