गुन्नौर के दीनानाथ अग्रवाल इंटर कॉलेज में अर्द्धवार्षिक परीक्षा देने से मना करने पर गेट पर खड़े
बबराला(संभल)। गुन्नौर स्थित दीनानाथ इंटर कॉलेज में बीते 25 नवंबर से चल रही अर्द्धवार्षिक परीक्षा में शनिवार को इंटर के कुछ छात्रों को फीस जमा न होने के कारण परीक्षा में नहीं बैठने दिया गया। इसको लेकर काॅलेज गेट के सामने छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा हस्तक्षेप किए जाने के बाद छात्रों को परीक्षा में बैठाया गया।
प्रधानाचार्य ओम प्रकाश ने बताया कि इंटर के कुछ छात्र परीक्षा में मोबाइल लेकर प्रवेश करना चाहते थे। इसके लिए मना किया गया, इसके साथ ही जिनकी फीस जमा नहीं हुई थी उनसे फीस जमा करने को कहा गया था। इसी पर छात्र कॉलेज गेट के सामने खड़े होकर विरोध जताने लगे, हंगामा की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई थी। सभी छात्र-छात्राओं की परीक्षा कराई गई है। कॉलेज प्रशासन का कहना है कि कॉलेज में लगभग 1150 छात्र छात्राएं हैं, जिसमें सभी छात्र-छात्राओं की 25 नवंबर से परीक्षा चल रही है। परीक्षा 10 दिसंबर तक चलेंगी। इनमें से 30 से 40 प्रतिशत छात्रों ने विद्यालय में फीस जमा नहीं की है, जबकि आगामी वर्ष फरवरी में बोर्ड की परीक्षा शुरू होने वाली है ।
गुन्नौर कोतवाली प्रभारी अखिलेश प्रधान ने बताया कि की सुबह 10:30 बजे करीब फोन से सूचना मिली कि फीस को लेकर दीनानाथ इंटर कॉलेज के गेट के बाहर कुछ छात्र हंगामा कर रहे हैं। मौके पर पहुंच कर सभी छात्रों व स्कूल प्रधानाध्यापक से बात कर छात्रों को परीक्षा में बिठाया गया।