चंदौसी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पॉक्सो एक्ट-2012 एवं बाल संरक्षण से जुड़े विधिक प्रावधानों को लेकर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को सरदार सिंह इंटर कॉलेज नरौली और शंकर भूषण शरण जनता इंटर कॉलेज संभल में छात्र-छात्राओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को पॉक्सो एक्ट के प्रमुख प्रावधानों, लैंगिक अपराधों से संरक्षण, बाल अधिकारों और उपलब्ध निशुल्क विधिक सहायता की जानकारी सरल भाषा में दी गई। छात्र-छात्राओं से कहा गया कि लैंगिक शोषण, उत्पीड़न या किसी भी अनुचित व्यवहार की स्थिति में चुप न रहें और इसकी सूचना अभिभावक, शिक्षक या संबंधित अधिकारी को दें। न्यायिक अधिकारियों ने बच्चों को उनके विधिक अधिकारों एवं बाल संरक्षण के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। इस दौरान एलएडीसी अधिवक्ता, पैनल अधिवक्ता और पराविधिक स्वयंसेवकों ने भी प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में एसीजेएम नावेद अख्तर, अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन/जेएम प्रथम संभल दिव्या चिंडालिया, विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि आगामी दिनों में भी विभिन्न विद्यालयों में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।