चंदौसी। चंदौसी की कक्षा नौवीं की छात्रा भेषज्या पाठक ने मुख्यमंत्री को भावुक चिट्ठी लिखकर आगे पढ़ाई जारी रखने के लिए के लिए मदद मांगी है। चिट्ठी में कहा कि उसके पिता की दोनों किडनी खराब हैं। परिवार के समक्ष आर्थिक संकट है। स्कूल प्रबंधन फीस के लिए परेशान कर रहा है। फीस जमा न होने पर स्कूल में ऑन लाइन पढ़ाई से वंचित कर दिया है। चिट्ठी में कहा है, मैं आगे पढ़कर देश का नाम रोशन करना चाहती हूं। प्रधानमंत्री के बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान को साक्षात करने के लिए मेरी सहायता करें।
चंदौसी के मोहल्ला गणेश कालोनी गली नंबर नौ निवासी छात्रा भेषज्या पाठक ने पढ़ाई में मदद के लिए मुख्यमंत्री को चिट्ठी भेजी है। चिट्ठी में बताया कि वह चंदौसी के जीके सिल्वर स्टोन पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा है। उसके पिता हेमंत कुमार की दोनों किडनी खराब हैं। पिछले आठ साल से लगातार एक सप्ताह में तीन डायलिसिस होती है। उसकी माता भी बीमार रहती है। जिस कारण दोनों कोई कार्य नहीं पाते हैं। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। फिर भी माता-पिता किसी तरह से गुजर बसर कर अच्छी फीस वाले स्कूल में पढ़ा रहे हैं। फीस लेट होने पर स्कूल प्रशासन उसे परेशान करता है, जिससे उसकी पढ़ाई में बाधा आती है। अब लॉक डाउन में भी स्कूल फीस मांग रहा है। उसे एक दिन भी ऑन लाइन क्लास ज्वाइन नहीं कराई गई और स्कूल उसे टीसी भी नहीं दे रहा है। ताकि वह किसी सरकारी स्कूल में पढ़ सके। स्कूल की मनमानी से अभी तक पढ़ाई वंचित है। चिट्ठी के आखिर में लिखा है, आगे पढ़कर मैं देश का नाम रोशन करना चाहती हूं। प्रधानमंत्री जी की महत्वपूर्ण बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ को साक्षात करने के लिए मेरी मदद करें। यह चिट्ठी छात्रा ने मुख्यमंत्री को भेजी है।
परचून की एक छोटी दुकान है
छात्रा भेषज्या पाठक का पैतृक गांव जिला बदायूं के इस्लामनगर क्षेत्र का गांव गोसाया है। चंदौसी में किराये के मकान में रहते हैं। यहीं पर किराये की दुकान में एक छोटी सी परचून की दुकान कर रखी है। हेमंत कुमार ने बताया कि गांव में थोड़ी सी जमीन है, इलाज में वह भी गिरवी रखी जा चुकी है।
स्कूल मदद के लिए तैयार
छात्रा भेषज्या पाठक पिछले करीब तीन चार साल से उनके स्कूल में पढ़ रही है। परिजनों के मदद मांगने पर पहले भी फीस में उनकी सहायता की गई थी। छात्रा या उसके परिजनों ने मदद के विषय में नहीं बताया है। वह छात्रा की पढ़ाई में मदद के लिए तैयार हैं।
- मनोज कुमार गुप्ता, प्रबंधक जीके सिल्वर स्टोन चंदौसी।