संभल। स्कूल जा रही कक्षा पांच की छात्रा स्टॉपेज पर गाड़ी नहीं रुकने पर चलते वाहन से कूद गई। इससे वह घायल हो गई। छात्रा का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है।
रजपुरा थाना क्षेत्र के गांव कमालपुर निवासी जोगेंद्र की 14 वर्षीय बेटी भावना शुक्रवार की सुबह नौ बजे घर से कस्बा गवां स्थित स्कूल जाने को निकली थी। बस नहीं आने पर वह एक दूध की बोलेरो मैक्स गाड़ी में बैठ गई। जब स्कूल का स्टैंड आया तो चालक ने गाड़ी नहीं रोकी। इससे छात्रा घबरा गई और चलती गाड़ी से ही कूद गई, जिससे वह घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्रा को उपचार के लिए निजी अस्पताल भर्ती कराया। वहीं, चालक गाड़ी लेकर मौके से भाग गया। इस घटना में पुलिस को तहरीर दी गई है।